ब्रिक्स समिट 2026: नाश्ते की टेबल पर मलयेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम से मिले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी
नई दिल्ली। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन रविवार सुबह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात की। दोनों नेताओं की यह मुलाकात नाश्ते की टेबल पर हुई, जिसमें कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। कांग्रेस ने मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं।
कांग्रेस की ओर से जारी तस्वीरों में राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम के बीच सहज और गर्मजोशी भरी बातचीत दिखाई दे रही है। एक तस्वीर में राहुल गांधी मलयेशियाई प्रधानमंत्री से हाथ मिलाते और मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा भी दोनों नेताओं के साथ मौजूद दिखाई दीं।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई, जब नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका था। इससे पहले शनिवार को सम्मेलन में नई दिल्ली घोषणा-पत्र 2026 को अपनाया गया। शिखर सम्मेलन के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, स्थिरता और दुनिया के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा हुई।
शिखर सम्मेलन के खुले सत्र का विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता : समावेशी वैश्विक विकास के भविष्य को आकार देना’ रखा गया। सत्र में वैश्विक आर्थिक विकास को अधिक समावेशी और टिकाऊ बनाने तथा देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
नई दिल्ली घोषणा-पत्र में पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई। ब्रिक्स देशों ने सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने और ऐसे कदमों से बचने की अपील की, जिनसे क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। साथ ही तनाव कम करने और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के प्रयास जारी रखने पर जोर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)