6 करोड़ नकद, 3 किलो सोना और 100 किलो चांदी लेकर बुलियन कारोबारी गायब, सर्राफा बाजार में हड़कंप
जोधपुर (आरएनआई) धनतेरस और दिवाली से ठीक पहले बुलियन मार्केट में एक बड़ा घोटाला सामने आया है। घोड़ों का चौक स्थित एक बुलियन डीलर शब्बीर अली करोड़ों की नकदी और कीमती धातु लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह लगभग 6 करोड़ रुपए नकद, करीब 3 किलो सोना और 100 किलो से अधिक चांदी लेकर भागा है।
एक दर्जन से ज्यादा सर्राफा व्यापारी बने शिकार
यह धोखाधड़ी कई सर्राफा व्यापारियों के साथ हुई है जिनमें से कई खुद ग्राहकों से एडवांस राशि ले चुके थे। कुछ व्यापारियों ने बताया कि धनतेरस पर आभूषण सप्लाई के लिए 100 से अधिक ऑर्डर बुक थे, जिसके लिए ग्राहकों ने पैसे जमा किए थे। अब ज्वैलर्स इस स्थिति में हैं कि वे ग्राहकों को क्या जवाब दें।
सदर बाजार थाने में दर्ज हुई FIR
मामला सामने आने के बाद कई व्यापारी देर रात तक सदर बाजार थाने में जुटे रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर विधायक अतुल भंसाली ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कैसे रचा गया भरोसे का जाल
फरार आरोपी शब्बीर अली, बीकानेर का रहने वाला है और घोड़ों का चौक भिश्तियों की बस्ती में ‘कादरी बुलियन एंड गोल्ड टेस्टिंग’ के नाम से दुकान चलाता था। वह पिछले छह सालों से सोना-चांदी खरीदकर स्थानीय सर्राफा व्यापारियों को सप्लाई करता था। धीरे-धीरे उसने बाजार में इतना भरोसा बना लिया कि लोग उसे बिना हिचक बड़ी रकम और माल सौंप देते थे।
घर पहुंचने पर मिला धोखा
ज्वैलर्स मनीष शर्मा ने बताया कि जब वे शब्बीर के घर और ससुराल पहुंचे, तो वहां केवल महिलाएं मिलीं। उन्होंने बताया कि शब्बीर और घर के अन्य पुरुषों के मोबाइल बंद हैं और उन्हें भी कोई जानकारी नहीं है।
अब व्यापारी संकट में
इस घटना के बाद बाजार में हड़कंप मचा हुआ है। जिन व्यापारियों ने ग्राहकों से एडवांस लिया था, वे दोहरी परेशानी में फंस गए हैं — एक तरफ पुलिस केस, दूसरी तरफ ग्राहकों का दबाव।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



