हेलमेट जागरूकता अभियान के बीच युवक ने ली तंबाकू छोड़ने की शपथ

Wednesday, June 17, 2026 - 21:56
Updated: 4 months ago
0
हेलमेट जागरूकता अभियान के बीच युवक ने ली तंबाकू छोड़ने की शपथ

गुना (आरएनआई) सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुना यातायात पुलिस एवं भारतीय रेडक्रॉस समिति द्वारा बुधवार को जय स्तंभ चौक पर ‘‘हेलमेट है जान का साथी, इसे पहनें और रहें सुरक्षित’’ थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने सहभागिता कर नागरिकों को हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

जरूरतमंदों को वितरित किए हेलमेट

कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता के उद्देश्य से जरूरतमंद वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग जीवन सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। हेलमेट प्राप्त करने वाले लोगों को इसके नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

ट्रैफिक नियमों की दी जानकारी

कार्यक्रम में पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों को सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों तथा नियमों के पालन के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही आमजन के बीच यातायात जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

तंबाकू सेवन करने वाले युवक को दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान एक युवक तंबाकू का सेवन करते हुए पाया गया। इस पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने उसे तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई। युवक ने संकल्प लिया कि वह स्वयं किसी प्रकार के तंबाकू उत्पाद का उपयोग नहीं करेगा तथा अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें तंबाकू सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा।

नागरिकों से की सुरक्षा अपनाने की अपील

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की।

कलेक्टर ने किया सुरक्षा नियमों के पालन का आह्वान

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति दोपहिया वाहन चलाए, वह अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाए तथा चारपहिया वाहन में यात्रा करने वाले सभी लोग सीट बेल्ट का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि छोटी सी सावधानी बड़े हादसों से बचा सकती है। कलेक्टर ने बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान हेलमेट लगाकर वाहन चलाने वाले जागरूक नागरिकों का गुलाब पुष्प एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि ऐसे जागरूक नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं और हम सभी को इसी प्रकार जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने भी सभी नागरिकों से हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। हम सभी को हेलमेट पहनकर यह संदेश देना चाहिए कि हम जागरूक नागरिक हैं और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User