हरदोई मे फीस के नाम पर लूट का खेल! निजी स्कूलों पर समाजसेवी कर्ण सिंह राणा के गंभीर आरोप
हरदोई (आरएनआई) हरदोई जनपद में शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले निजी विद्यालयों की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कॉपी, किताब और स्कूल ड्रेस के नाम पर कथित अवैध वसूली का मुद्दा अब जनचर्चा का विषय बनता जा रहा है। इसी क्रम में समाजसेवी कर्ण सिंह राणा ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए इस पूरे प्रकरण की जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अनेक निजी विद्यालय अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ही पुस्तकें, कॉपियां और स्कूल ड्रेस खरीदने के लिए बाध्य कर रहे हैं। इन दुकानों पर सामग्री बाजार मूल्य से कई गुना अधिक दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे यह आशंका बलवती हो रही है कि इस प्रक्रिया में कमीशनखोरी का एक सुनियोजित तंत्र सक्रिय है, जो अभिभावकों के आर्थिक शोषण का माध्यम बनता जा रहा है।समाजसेवी ने यह भी उल्लेख किया कि “अनिवार्य किट”, “एडिशनल एक्टिविटी चार्ज” और “ड्रेस अपडेट” जैसे शीर्षकों के अंतर्गत अभिभावकों से अतिरिक्त धनराशि वसूली जा रही है, जिसका स्पष्ट औचित्य विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रस्तुत नहीं किया जा रहा है। परिणामस्वरूप मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ निरंतर बढ़ रहा है, और कई अभिभावक बच्चों की पढ़ाई जारी रखने को लेकर दुविधा की स्थिति में पहुंच गए हैं।ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि जनपद के सभी निजी विद्यालयों की फीस संरचना की पारदर्शी जांच कराई जाए, मनमानी वसूली पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा दोषी संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभिभावकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु सशक्त और पारदर्शी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करने की भी मांग उठाई गई है।
शिक्षा व्यवस्था की गरिमा और अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए उठी यह आवाज अब प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)