सीएम योगी का बड़ा फैसला: फायर सर्विस में बनेगी स्पेशलाइज्ड यूनिट, हर 100 किमी पर होगी फायर चौकी

Oct 23, 2025 - 17:28
 0  135
सीएम योगी का बड़ा फैसला: फायर सर्विस में बनेगी स्पेशलाइज्ड यूनिट, हर 100 किमी पर होगी फायर चौकी

लखनऊ (आरएनआई) — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अग्निशमन विभाग को आधुनिक और बहुआयामी स्वरूप देने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि फायर सर्विस को अब केवल आग बुझाने तक सीमित न रखकर इसे आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू ऑपरेशन और आपात सेवाओं के समेकित रूप में विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री के इस निर्णय के बाद विभाग में 1,000 से अधिक नए पदों के सृजन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने अपने सरकारी आवास पर अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिक विस्तार और तेज़ी से हो रहे शहरीकरण के चलते फायर सर्विस को सशक्त, आधुनिक और जनसुरक्षा की दृष्टि से और अधिक संवेदनशील बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक रीजन में एक स्पेशलाइज्ड यूनिट गठित की जाए जो केमिकल, बायोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल दुर्घटनाओं सहित सुपर हाईराइज बिल्डिंग जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने में सक्षम हो।

मुख्यमंत्री ने फायर सर्विस को अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित जनशक्ति से सुसज्जित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभाग को ऐसी तकनीकी क्षमता प्रदान की जाए जो किसी भी स्थिति में त्वरित और कुशल प्रतिक्रिया दे सके। साथ ही, एक्सप्रेस-वे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि हर 100 किलोमीटर की दूरी पर फायर टेंडर सहित एक छोटी फायर चौकी स्थापित की जाए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में “गोल्डन आवर” के भीतर राहत और बचाव कार्य प्रारंभ हो सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभाग में नए पदों के सृजन और कैडर रिव्यू को भी मंजूरी दी। उनके निर्देशों के बाद राजपत्रित संवर्ग के 98 और अराजपत्रित संवर्ग के लगभग 922 पदों के सृजन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे विभाग की प्रशासनिक क्षमता, फील्ड ऑपरेशन और वित्तीय पारदर्शिता को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जनपद में अकाउंट कैडर स्थापित करने और राज्य अग्निशमन प्रशिक्षण महाविद्यालय में अतिरिक्त पदों के सृजन के निर्देश दिए ताकि प्रशिक्षण और अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि नई ऑपरेशनल इकाइयों के रूप में कुशीनगर, आजमगढ़, श्रावस्ती, कानपुर नगर, अयोध्या, अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट और सोनभद्र एयरपोर्ट पर पहले ही अग्निशमन सेवाओं की जनशक्ति तैनात की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि फायर सर्विस जनता के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा से सीधे जुड़ा विभाग है। इसकी संरचना ऐसी होनी चाहिए जो हर परिस्थिति में त्वरित, कुशल और उत्तरदायी प्रतिक्रिया देने में सक्षम हो। उन्होंने निर्देश दिया कि विभाग के पुनर्गठन की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जाए ताकि जनता को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.