संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर हंगामा, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज; सौरव दास बोले- प्रशासन से बातचीत जारी

Monday, July 20, 2026 - 12:49
0
संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर हंगामा, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज; सौरव दास बोले- प्रशासन से बातचीत जारी

शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच सोमवार को प्रस्तावित संसद मार्च से पहले तनाव बढ़ गया। संसद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग की और हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

प्रदर्शनकारी संसद मार्ग की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने संसद भवन की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। सरदार पटेल भवन के पास प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाए, जबकि जंतर-मंतर पर लगातार समर्थकों की भीड़ जुटती रही।

इस दौरान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को पुलिस डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ले गई। बाद में उन्होंने बताया कि प्रशासन के साथ बातचीत जारी है। एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, **"हम सरकार के साथ बातचीत कर रहे हैं।"**

दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि डीएलएफ और लोनी बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस की विशेष निगरानी है तथा दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।

उधर, सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी प्रदर्शनकारियों से प्रस्तावित संसद मार्च में शामिल होने की अपील की है।

प्रदर्शन के चलते राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जंतर-मंतर, संसद मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User