संसद मार्च पर टकराव: वांगचुक की पत्नी करेंगी नेतृत्व, दिल्ली पुलिस ने कहा- अनुमति नहीं, धारा 163 लागू

Sunday, July 19, 2026 - 22:06
0
संसद मार्च पर टकराव: वांगचुक की पत्नी करेंगी नेतृत्व, दिल्ली पुलिस ने कहा- अनुमति नहीं, धारा 163 लागू

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन और 20 जुलाई को प्रस्तावित 'संसद मार्च' को लेकर दिल्ली में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एक ओर वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करने का ऐलान किया है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है और नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि वह सोमवार को होने वाले विरोध मार्च में अपने पति का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल से उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करने की अनुमति नहीं मिली, इसलिए वे स्वयं प्रदर्शन में शामिल होकर आंदोलन का नेतृत्व करेंगी।

उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने वाले छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे। साथ ही उन्होंने लोगों से ऐसे किसी भी तत्व से सतर्क रहने को कहा, जो आंदोलन को भड़काने या बदनाम करने की कोशिश कर सकता है।

डॉ. गीतांजलि ने यह भी बताया कि डॉक्टरों की सलाह के बावजूद सोनम वांगचुक ने तरल आहार लेने से इनकार कर दिया है और वे केवल पानी के सहारे अपना अनशन जारी रखे हुए हैं।

दिल्ली पुलिस ने जारी किया आधिकारिक बयान

दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि प्रस्तावित संसद मार्च या जुलूस के लिए न तो कोई अनुमति मांगी गई है और न ही प्रशासन की ओर से कोई अनुमति दी गई है।

पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू है। इसके तहत जंतर-मंतर (विधिवत अनुमति के साथ) को छोड़कर पूरे जिले में किसी भी प्रकार के विरोध मार्च, जुलूस, प्रदर्शन या पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध है।

संसद सत्र के चलते बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली पुलिस ने बताया कि 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद सत्र को देखते हुए वीवीआईपी सुरक्षा, संसद भवन और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से कानून का पालन करने और बिना अनुमति किसी भी प्रकार के मार्च या प्रदर्शन में शामिल न होने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User