शिवपुरी के नरवर किले से 400 साल पुरानी 3,500 किलो की ऐतिहासिक तोप चोरी

Saturday, July 18, 2026 - 16:49
Updated: 3 months ago
0
शिवपुरी के नरवर किले से 400 साल पुरानी 3,500 किलो की ऐतिहासिक तोप चोरी

शिवपुरी जिले स्थित ऐतिहासिक नरवर किले से सिंधिया रियासत काल की करीब 400 वर्ष पुरानी दुर्लभ तोप चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 16वीं शताब्दी की यह तोप लगभग 3,500 किलोग्राम वजनी है। विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय एंटीक बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 3 से 5 करोड़ रुपये तक हो सकती है।

जानकारी के मुताबिक, बदमाश पूरी योजना और तैयारी के साथ किले में पहुंचे थे। उन्होंने पहले तोप को कपड़ों से लपेटा, ताकि उसे नुकसान न पहुंचे और आवाज भी कम हो। इसके बाद बेयरिंग लगी लोहे की ट्रॉली की मदद से करीब 3,000 फीट नीचे उतारा और फिर एक भारी वाहन में लादकर मौके से फरार हो गए। यह वारदात 15-16 जुलाई की रात की बताई जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने 4-5 जुलाई की रात भी तोप चोरी करने का प्रयास किया था। उस समय वे तोप को उसके स्थान से नीचे उतारने में तो सफल हो गए थे, लेकिन अत्यधिक वजन के कारण उसे ले नहीं जा सके। इसके बाद दोबारा पूरी तैयारी के साथ लौटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय किले में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। मौके से भारी वाहनों के टायरों के निशान भी मिले हैं। पुलिस और प्रशासन आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटे हैं।

गौरतलब है कि नरवर किले की ओपन कचहरी में पहले कुल 14 ऐतिहासिक तोपें रखी गई थीं। इस चोरी के बाद अब वहां 13 तोपें ही बची हैं। इस घटना ने प्रदेश में ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है और चोरी हुई ऐतिहासिक धरोहर को जल्द बरामद करने का दावा किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User