शाहाबाद: विकास कार्यों में खर्च होने वाली धनराशि का भुगतान प्रधानों के खातों में मिला तो होगी कार्रवाई- डीपीआरओ, दरियपुर बलभद्र में की गई नियमों की अनदेखी
शाहाबाद हरदोई। विकास खण्ड शाहाबाद की ग्राम पंचायत दरियापुर बलभद्र में विकास कार्यों के लिए प्राप्त सरकारी धन के उपयोग को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा और सवाल दोनों तेज हो गए हैं। उधर डीपीआरओ ने कहा है विकास कार्यों की धनराशि अगर प्रधान के खाते में पाई गई तो शत-प्रतिशत कार्रवाई की जाएगी। आरोप है कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर प्राप्त धनराशि के भुगतान में निर्धारित नियमों की अनदेखी की गई है।ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा तय व्यवस्था के अनुसार पंचायत विकास कार्यों में खर्च होने वाली धनराशि का भुगतान सीधे मजदूरों, मिस्त्रियों अथवा संबंधित फर्मों के खातों में किया जाना चाहिए, ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और सार्वजनिक धन के उपयोग पर किसी प्रकार का संदेह न उत्पन्न हो। किंतु दरियापुर बलभद्र में यह चर्चा सामने आई है कि कुछ भुगतान ग्राम प्रधान बलराम सिंह यादव के निजी खाते में स्थानांतरित किए गए हैं। यदि यह तथ्य सही है, तो यह व्यवस्था की पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है। सफाई में क्या बोले सचिव ? इस संबंध में जब ग्राम पंचायत सचिव सुबोध कुमार गुप्ता से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार ग्राम प्रधान के निजी खाते में धनराशि स्थानांतरित नहीं की जा सकती। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि कभी-कभी छोटे-मोटे या छिटपुट खर्चों की पूर्ति के लिए प्रधान के निजी खाते में धन दिया जाता है। सचिव के इस कथन के बाद पंचायत में धन के भुगतान की प्रक्रिया को लेकर और भी जिज्ञासा और सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा पंचायत में हुए खर्चों का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को किस गंभीरता से लेते हैं और पंचायत में विकास कार्यों के लिए आवंटित धन के उपयोग को लेकर उठे प्रश्नों का समाधान किस प्रकार किया जाता है। क्या बोले डीपीआरओ ? इस संदर्भ मे जब डीपीआरओ विनय कुमार पुछा गया तो उन्होंने बताया कि प्रधान के निजी खाते में किसी मद मे भुगतान नही दिया जा सकता है। यदि कोई मामला संज्ञान मे आता है तो कठोर कार्यवाही की जायेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)