शाहजहांपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच निकला लाट साहब का जुलूस, रंगों संग हुई जूता-चप्पलों की बौछार
शाहजहांपुर (आरएनआई)। होली के अवसर पर शहर में वर्षों पुरानी अनूठी परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी, जब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लाट साहब का जुलूस निकाला गया। रंगों की फुहार और जूते-चप्पलों की प्रतीकात्मक बौछार के बीच शहरवासियों ने लाट साहब का स्वागत किया। इस दौरान पूरा शहर होली के उत्साह और पारंपरिक उल्लास में डूबा नजर आया।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे लाट साहब को भैंसागाड़ी पर सवार कराकर जुलूस की शुरुआत की गई। अर्धसैनिक बलों ने भैंसागाड़ी को सुरक्षा घेरे में लिया हुआ था। जुलूस जब चौक कोतवाली पहुंचा तो वहां सलामी देकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद जुलूस चौक, किला, केरुगंज, छाया कुआं, अंटा चौराहा, खिरनीबाग, सदर बाजार होते हुए बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचा, जहां लाट साहब ने शीश झुकाया। आगे शहीद पार्क, एसपी कॉलेज, घंटाघर और अन्य प्रमुख मार्गों से होते हुए बंगला सरोदी के पास जुलूस का समापन हुआ।
जुलूस के दौरान कई स्थानों पर रंग-गुलाल के साथ जूते-चप्पलों की बौछार कर लाट साहब का स्वागत किया गया। हुलियारों पर फूलों की वर्षा भी की गई। सुरक्षा में तैनात पुलिस और पीएसी के जवान भी रंगों से सराबोर नजर आए। मंडलायुक्त और बरेली रेंज के डीआईजी ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इसी क्रम में छोटे लाट साहब का जुलूस आरसी मिशन क्षेत्र से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर निकाला गया, जो शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जलालनगर बजरिया से निकले जुलूस में हुरियारों ने जमकर नृत्य किया, जबकि पुवायां के बड़ा गांव में लाट साहब को गधे पर बैठाकर निकाला गया। पूरे आयोजन की निगरानी कंट्रोल रूम से डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एसपी राजेश द्विवेदी द्वारा की गई।
रंगों और परंपराओं के इस अनूठे संगम ने शाहजहांपुर में होली के पर्व को यादगार बना दिया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)