लखनऊ: धर्मांतरण की सूचना पर चर्च पहुंचा बजरंग दल, पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया
मोहनलालगंज क्षेत्र के भदेसुवा गांव स्थित एक चर्च में रविवार को कथित धर्मांतरण की सूचना के बाद हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर बजरंग दल और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और चर्च में चल रही सभा का विरोध किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और पांच लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। चौकी प्रभारी अनूप सिंह के अनुसार, मामले में पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चर्च में बाहर से आए कुछ लोग ग्रामीणों को धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर प्रेरित कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने सभा का विरोध करते हुए कार्यक्रम रुकवा दिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
ग्रामीणों के अनुसार, भदेसुवा गांव में करीब 15 वर्ष पहले चर्च का निर्माण हुआ था। संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यहां ईसाई मिशनरियों से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती रही हैं। उन्होंने हरिश्चंद्र नाम के एक व्यक्ति पर धर्म परिवर्तन के बाद पादरी की वेशभूषा में धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने का भी आरोप लगाया।
चर्च में चल रही कथित चंगाई सभा की सूचना के बाद रविवार को संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पूछताछ पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)