रीवा में कांग्रेस नेता की चाकू मारकर हत्या, सिगरेट लेने निकले थे घर से
रीवा (आरएनआई) शहर में बुधवार रात कांग्रेस नेता की चाकू मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। वारदात रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मृतक घर से सिगरेट लेने के लिए निकले थे, तभी पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नेता को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, हमले के दौरान कांग्रेस नेता ने बचाव के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। भीड़ को अपनी तरफ आता देख तीनों हमलावर घबरा गए और घटनास्थल पर अपनी बाइक छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हमलावरों की छोड़ी गई बाइक को जब्त कर लिया है और उसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता अनूपपुर जिले में थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे भी रीवा के लिए रवाना हो गए। इस हत्याकांड के बाद राजनीतिक और पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)