यूपी में नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड, कानपुर सबसे ठंडा शहर बना; कई जिलों में अलर्ट जारी

Nov 8, 2025 - 11:26
 0  108
यूपी में नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड, कानपुर सबसे ठंडा शहर बना; कई जिलों में अलर्ट जारी

लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश में नवंबर के पहले सप्ताह में ही दिसंबर जैसी ठंड महसूस की जा रही है। कानपुर में पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। इटावा में 9.6 और बुलंदशहर में 11 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अचानक आई ठंड के चलते मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

राजधानी लखनऊ समेत मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, हरदोई, वाराणसी और बाराबंकी में भी रात का तापमान 15 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। पछुआ हवाओं ने मौसम में ठंडक घोल दी है, जिससे रातें तेजी से सिहरन भरी होती जा रही हैं। तड़के के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा भी छाने लगा है।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ठंडी पछुआ हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। आने वाले दो दिनों में दिन का अधिकतम तापमान दो डिग्री तक नीचे जा सकता है, जबकि रात का तापमान अब स्थिर रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि तराई और पूर्वांचल के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक सुबह कोहरा छाया रहेगा।

राजधानी लखनऊ में गुरुवार और शुक्रवार के बीच की रात में तापमान में 5.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे मौसम में अचानक ठंड बढ़ गई और लोगों को शाम होते ही गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी। शुक्रवार को दिन का तापमान भी मामूली गिरावट के साथ 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि रात का तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पछुआ हवाएं इसी रफ्तार से चलती रहीं, तो नवंबर के मध्य तक उत्तर प्रदेश में सर्दी पूरी तरह दस्तक दे देगी और दिसंबर जैसी ठिठुरन देखने को मिलेगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.