मुंबई में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल, कई इलाकों में जलभराव; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
मुंबई में गुरुवार सुबह से जारी भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाकों में जलभराव होने से यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई समेत ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
लगातार बारिश के कारण अंधेरी, किंग्स सर्कल और गांधी मार्केट समेत कई इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई। दादर रेलवे स्टेशन पर भी ट्रैक पर पानी भरने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक मुंबई और आसपास के इलाकों में मध्यम से अत्यधिक बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को निचले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, कमजोर इमारतों के आसपास न जाने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।
बारिश के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जुलाई सुबह 8 बजे से 2 जुलाई सुबह 7 बजे के बीच पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। मुलुंड के मिथागर नगर पालिका स्कूल क्षेत्र में 230.8 मिमी, मानखुर्द फायर स्टेशन पर 228.6 मिमी और एस वार्ड कार्यालय क्षेत्र में 227 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के चलते प्रशासन सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)