मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर रात 11 बजे से धार्मिक अनुष्ठान, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मथुरा और वृंदावन में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान में पूजा की।
मथुरा (आरएनआई) मथुरा-वृंदावन के मंदिरों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। कुछ घंटों का समय ही बचा है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में भक्तों की भीड़ है। रात के 12 बजते ही मंदिर घंटे-घड़ियाल और शंखों की ध्वनि से गूंज उठेंगे। कान्हा का जन्मोत्सव मनाने मथुरा पहुंचे भक्तों का उल्लास देखते ही बनता है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में रात 11 बजे श्री गणपति एवं नवग्रह स्थापना-पूजन से जन्माभिषेक कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
भगवान श्रीकृष्ण का 5252 वां जन्मोत्सव ऑपरेशन सिंदूर व सनातन के लिए समर्पित रहा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के बाहर सुंदर सजावट, लाइटिंग एवं प्रकाश की व्यवस्था की गई। जन्मोत्सव पर ठाकुरजी के इंद्रधनुषी रंगों से तैयार पोशाक में श्रद्धालुओं को दर्शन होंगे। श्रीकृष्ण सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर पूर्णावतार में सिंदूर पुष्प बंगला में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। गर्भगृह का कायाकल्प करके रजत मंडित गर्भगृह 251 किलो चांदी से विशेष रूप से निखारा गया है। इसी के समीप राज राजेश्वरी अष्टभुजी मां योगमाया मंदिर को भी 51 किलो चांदी से भव्य रूप प्रदान किया गया है।
मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से पार्किंग व्यवस्था की गई है। ऐसे में श्रद्धालुओं की जेब पर अधिक बोझ न पड़े, इसका भी ध्यान रखा गया है। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने पार्किंग शुल्क की दरें निर्धारित की हैं। वाहन चालकों से निर्धारित समय के हिसाब से शुल्क वसूला जा रहा है। इसमें बस, मिनी बस व मेटाडोर से एक घंटे के 100 रुपये, चार घंटे के 200 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। 4 घंटे बाद भी वाहन पार्किंग में खड़ा होने पर 2 घंटे के हिसाब से अतिरिक्त 40 रुपए वसूले जा रहे हैं। इसी तरह दोपहिया वाहनों से एक घंटे के 10 रुपये, चार घंटे के 20 रुपये और दो घंटे के हिसाब से पांच रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहकर निगरानी कर रहे हैं। मथुरा को 4 जोन व 18 सेक्टरों में बांटा गया है। जन्मभूमि समेत शहर के प्रमुख मठ मंदिरों में भी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था है। जन्माष्टमी पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा पहुंचे हैं।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर हर ओर उल्लास छाया हुआ है। भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ा स्थल कहे जाने वाले गोकुल महावन स्थित कार्ष्णि उदासीन रमणरेती आश्रम में भी जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। झालर एवं फूलों से सजावट की गई है। सुबह पीठाधीश्वर कार्ष्णि गुरु शरणानंद जी द्वारा ठाकुर जी के विग्रह का दुग्धाभिषेक किया। दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। यहां ठाकुर रमण बिहारी के दर्शन किए।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे हैं। यहां सुरक्षा के चाक-चाैबंद इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए भीड़ प्रबंधन पर भी ध्यान दिया गया है। आला अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



