मथुरा में पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुए बावरिया गिरोह के दो बदमाश, 30 लाख की डकैती में थे शामिल
मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में 30 लाख रुपये की डकैती को अंजाम देने वाले बावरिया गिरोह के दो शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। दोनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले थे और 23 अप्रैल को टैंटीगांव में कारोबारी के घर हुई बड़ी वारदात में शामिल बताए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मारे गए बदमाशों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी धर्मवीर उर्फ लंबू और अलवर निवासी राजेंद्र उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। दोनों कुख्यात बावरिया गिरोह से जुड़े थे और उनके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, 23 अप्रैल की रात नकाबपोश बदमाशों ने टैंटीगांव निवासी व्यापारी अजय अग्रवाल के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया था। बदमाश करीब 30 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



