भीषण गर्मी का कहर: चक्कर, उल्टी-दस्त और सिरदर्द के मरीज बढ़े, एसएन मेडिकल कॉलेज में उमड़ी भीड़

Tuesday, June 23, 2026 - 12:48
0
भीषण गर्मी का कहर: चक्कर, उल्टी-दस्त और सिरदर्द के मरीज बढ़े, एसएन मेडिकल कॉलेज में उमड़ी भीड़

आगरा। (आरएनआई) भीषण गर्मी और लू के प्रकोप ने लोगों की सेहत पर गंभीर असर डालना शुरू कर दिया है। आगरा में डायरिया, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी-दस्त और सिरदर्द जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसका असर एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।

सोमवार को एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में कुल 3,887 मरीज पहुंचे। इनमें 1,387 नए और 2,200 पुराने मरीज शामिल थे। सबसे अधिक 721 मरीज मेडिसिन विभाग में दर्ज किए गए। चिकित्सकों के अनुसार गर्मी और दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन के कारण पेट संबंधी बीमारियों में तेजी से वृद्धि हुई है।

मेडिसिन विभाग के डॉ. अजित चाहर ने बताया कि इन दिनों उल्टी-दस्त, पेट दर्द, चक्कर आना और सिरदर्द की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। कई मरीजों में शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) और अत्यधिक पसीना आने के कारण ब्लड प्रेशर कम होने की समस्या भी देखी जा रही है। गंभीर स्थिति वाले 8 से 10 मरीजों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। वहीं इमरजेंसी विभाग में भी रोजाना 10 से 12 ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अधिकांश मरीज प्रारंभिक उपचार के बाद 24 घंटे के भीतर स्वस्थ हो रहे हैं।

गर्मी का असर त्वचा संबंधी रोगों पर भी देखने को मिल रहा है। त्वचा रोग विभाग के डॉ. यतेंद्र चाहर के अनुसार तेज धूप और अत्यधिक तापमान के कारण सनबर्न, लाल चकत्ते, खुजली, जलन और त्वचा पर दाने निकलने जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं। विशेष रूप से वे लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं जो काम के सिलसिले में लंबे समय तक धूप में रहते हैं।

इस बीच मरीजों को दवाओं की कमी का सामना भी करना पड़ रहा है। त्वचा रोग, हड्डी रोग, हृदय रोग और पेट संबंधी बीमारियों की कई आवश्यक दवाएं अस्पताल में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि आवश्यक दवाओं का ऑर्डर दे दिया गया है और उम्मीद है कि इसी सप्ताह अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता सामान्य हो जाएगी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, धूप में निकलने से बचें, हल्का एवं स्वच्छ भोजन करें तथा लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User