लखनऊ अग्निकांड: ‘नीचे आग, ऊपर मौत... रस्सी के सहारे बची जान’, पीड़ितों ने सुनाई दिल दहला देने वाली आपबीती
लखनऊ। (आरएनआई) अलीगंज स्थित एक व्यावसायिक इमारत में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सामने आ रही प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ितों की आपबीती हादसे की भयावहता को बयां कर रही है। आग में जान गंवाने वाले 15 छात्रों और कर्मचारियों के बीच कई ऐसे लोग भी हैं, जिन्होंने मौत को बेहद करीब से देखा और किसी तरह अपनी जान बचाई।
दिल्ली निवासी लवप्रीत, जो इमारत में संचालित एनिमेशन सेंटर में कार्यरत थीं, ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे लंच के बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने काम पर लौटे थे। तभी नीचे से कुछ जलने की गंध आने लगी। कुछ ही देर में धुआं ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया और देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं।
लवप्रीत ने बताया, *"उस समय ऑफिस में 25 से 30 लोग मौजूद थे। बाहर निकलने के सभी रास्ते धुएं और आग से घिर चुके थे। नीचे आग थी और ऊपर मौत का डर। ऐसे में जान बचाने के लिए हमने खिड़की का शीशा तोड़ा और रस्सी के सहारे नीचे उतरने का फैसला किया। किसी तरह हम बाहर निकल सके।"*
हादसे में लवप्रीत के पैर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। घटना के समय उनके परिवार का कोई सदस्य लखनऊ में मौजूद नहीं था। उनके मित्र सौम्य ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे लखनऊ पहुंच रहे हैं।
इसी एनिमेशन सेंटर में गेम डेवलपर के रूप में कार्यरत डालीगंज निवासी भुवन ने भी भयावह घटनाक्रम को याद करते हुए बताया कि लंच के बाद जैसे ही उन्होंने अपना सिस्टम चालू किया, नीचे आग लगने की सूचना मिली। जान बचाने के लिए वे और अन्य लोग सीढ़ियों की ओर दौड़े, लेकिन वहां घना धुआं भर चुका था।
भुवन ने बताया कि हादसे से कुछ ही मिनट पहले कार्यालय में एक सहकर्मी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। सभी लोग खुशी के माहौल में उसे शुभकामनाएं दे रहे थे, लेकिन अचानक आग लगने से पूरा माहौल मातम में बदल गया। उन्होंने कहा कि कुछ ही क्षणों में हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
पुलिस के अनुसार अलीगंज के पुरनिया क्षेत्र स्थित इस बहुमंजिला इमारत के भूतल पर एक पेट शॉप संचालित थी, जबकि पहली मंजिल पर उसका गोदाम था। दूसरी मंजिल पर थ्री-डी एनिमेशन ट्रेनिंग सेंटर, गेमिंग जोन और विद्यार्थियों की कोचिंग कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 2:30 बजे गोदाम में अचानक आग लगी, जो कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत में फैल गई।
हादसे में 15 छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जान बचाने के लिए इमारत से कूदने वाले नौ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अपना निर्धारित कार्यक्रम बीच में छोड़कर लखनऊ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं रक्षा मंत्री Rajnath Singh भी हालात का जायजा लेने के लिए लखनऊ रवाना हुए।
फिलहाल फोरेंसिक टीम और विशेष जांच दल (एसआईटी) आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट या एसी के कंप्रेसर में विस्फोट को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)