देहरादून में दर्दनाक हादसा: लालपुर के पास सिटी बस ने छह लोगों को कुचला, चालक को दौरा पड़ने की आशंका

Jun 23, 2026 - 12:46
 0  27
देहरादून में दर्दनाक हादसा: लालपुर के पास सिटी बस ने छह लोगों को कुचला, चालक को दौरा पड़ने की आशंका

देहरादून। (आरएनआई) राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित लालपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक सिटी बस ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी, जिससे छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस चालक को अचानक दौरा पड़ गया था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग दूर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।

घटना के बाद घायल काफी देर तक सड़क पर पड़े तड़पते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआती समय में किसी वाहन चालक ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी नहीं ली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को राह चलते वाहनों को रुकवाकर घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था करनी पड़ी।

बताया जा रहा है कि समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने के कारण स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा की मदद से अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय नागरिकों ने राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस का भी सहयोग किया।

हादसे के कारण क्षेत्र में लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराने के साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। चालक की चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे के समय उसे वास्तव में दौरा पड़ा था या दुर्घटना के पीछे कोई अन्य कारण था।

फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.