बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार का आरोप, शेख हसीना ने यूनुस सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली (आरएनआई)। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। क्रिसमस के मौके पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मौजूदा शासन के दौरान देश में गैर-मुस्लिमों पर “अकल्पनीय अत्याचार” हो रहे हैं और धार्मिक स्वतंत्रता को कुचला जा रहा है।
शेख हसीना ने हाल में सामने आए दीपू हत्याकांड का जिक्र करते हुए इसे धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा शासक समूह ने अवैध रूप से सत्ता पर कब्जा किया है और उसके शासन में अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हालात इतने भयावह हो गए हैं कि धार्मिक अल्पसंख्यकों को जिंदा जलाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक हैं।
अपने संदेश में हसीना ने कहा कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को अपने-अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता से वंचित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “खासकर गैर-मुसलमानों के खिलाफ अकल्पनीय अत्याचार हो रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि बांग्लादेश के लोग इस अंधेरे दौर को अधिक समय तक जारी नहीं रहने देंगे।”
गौरतलब है कि अगस्त में शेख हसीना सरकार के हटने के बाद से बांग्लादेश में हिंदू समुदाय सहित अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों पर हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। दीपू हत्याकांड के बाद अल्पसंख्यक संगठनों ने ढाका में प्रदर्शन कर सरकार पर उन्हें सुरक्षा देने में विफल रहने का आरोप भी लगाया था। इन घटनाओं के बीच शेख हसीना का यह बयान बांग्लादेश की सियासत में एक बार फिर हलचल पैदा कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



