जाति आधारित बैठकों पर भाजपा सख्त, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जनप्रतिनिधियों को किया आगाह
लखनऊ (आरएनआई)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जाति विशेष से जुड़ी कथित बैठकों को लेकर पार्टी के जनप्रतिनिधियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि भाजपा किसी भी तरह की नकारात्मक, वर्गवादी या जातिवादी राजनीति में विश्वास नहीं करती और ऐसे प्रयास पार्टी के संविधान व आदर्शों के खिलाफ हैं।
मीडिया में प्रसारित एक खबर का हवाला देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा एक विशेष भोज और बैठक आयोजित किए जाने की सूचना मिली थी, जिसमें अपने समाज को लेकर चर्चा की गई थी। इस पर पार्टी ने संबंधित जनप्रतिनिधियों से बातचीत की है और उन्हें साफ तौर पर बता दिया गया है कि इस तरह की गतिविधियां भाजपा की संवैधानिक परंपराओं और विचारधारा के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में गलत संदेश जाता है और पार्टी की सर्वसमावेशी छवि को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में किसी भी भाजपा जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की गतिविधियों को दोहराया गया, तो इसे पार्टी संविधान के अनुसार अनुशासनहीनता माना जाएगा और उस पर कार्रवाई की जाएगी।
पंकज चौधरी ने जोर देकर कहा कि भाजपा विविधतापूर्ण लोकतंत्र में सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी राजनीति की पक्षधर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और राष्ट्रवाद पर आधारित राजनीति ने जाति आधारित राजनीति को पीछे छोड़ दिया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने सामाजिक न्याय और समावेशी विकास का एक मजबूत मॉडल स्थापित किया है, जिसने जाति की राजनीति करने वाली पार्टियों को लगातार कमजोर किया है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस जैसी पार्टियां अब भी जाति आधारित राजनीति पर निर्भर हैं, लेकिन बदलते राजनीतिक परिदृश्य में उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। इसी कारण वे भाजपा के खिलाफ नकारात्मक नैरेटिव गढ़ने की कोशिश कर रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने अंत में कहा कि भाजपा के सभी जनप्रतिनिधियों को पार्टी की मर्यादा, अनुशासन और विचारधारा के अनुरूप ही कार्य करना चाहिए और किसी भी तरह की विभाजनकारी राजनीति से दूर रहना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



