बर्फ की सफेद चादर में नहाई कश्मीर घाटी, पर्यटन स्थलों पर बढ़ी चहल-पहल

Tuesday, December 23, 2025 - 12:54
0
बर्फ की सफेद चादर में नहाई कश्मीर घाटी, पर्यटन स्थलों पर बढ़ी चहल-पहल

जम्मू (आरएनआई)। कश्मीर घाटी में हुई ताजा बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र को एक बार फिर खूबसूरत सफेद चादर में ढक दिया है। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल बर्फ से लकदक हो गए हैं, जिससे घाटी में सैलानियों की आमद तेज हो गई है। बर्फबारी के बाद पर्यटन गतिविधियों में नई जान आ गई है और विंटर सीजन को लेकर पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

घाटी के ऊपरी इलाकों में हुई इस बर्फबारी से विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोनमर्ग, गुलमर्ग, दूधपथरी, दकसुम और पहलगाम बेहद आकर्षक नजर आ रहे हैं। सोमवार सुबह तक हुई बर्फबारी के बाद इन इलाकों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है और सुबह से ही सैलानी बर्फीले नजारों का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटन स्थलों की ओर रवाना होते दिखाई दिए।

ताजा बर्फबारी के चलते पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई है। होटल कारोबारियों और टूर ऑपरेटर्स का कहना है कि बर्फ गिरने के बाद पर्यटकों की संख्या के साथ-साथ पूछताछ भी तेजी से बढ़ी है। उन्हें उम्मीद है कि इस बार विंटर सीजन पर्यटन के लिहाज से बेहतर साबित होगा।

आंकड़ों के मुताबिक गुलमर्ग में करीब 9 इंच, सोनमर्ग में 7 इंच और पहलगाम सहित जेड गली, मच्छिल, राजधान पास, साधना टॉप, नौगाम सेक्टर और पीर पंचाल की पहाड़ियों में 4 से 5 इंच तक ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फबारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पर्यटक इन इलाकों की ओर पहुंचने लगे।

दिल्ली से आई पर्यटक मेघना ने बताया कि उनका कश्मीर आने का कार्यक्रम पहले से तय था और रविवार दोपहर श्रीनगर पहुंचते ही वह अपने साथियों के साथ सीधे गुलमर्ग चली गईं। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचते ही बर्फबारी का नजारा देखने को मिला और वे पिछले एक दिन से बर्फ का भरपूर आनंद ले रही हैं।

ओडिशा से आए श्रीजेश ने बताया कि वह पहले भी कश्मीर आ चुके हैं, लेकिन बर्फबारी देखने का यह उनका पहला अनुभव है। वहीं गुलमर्ग के एक होटल मैनेजर इफ्तिखार अहमद ने कहा कि पर्यटकों की बढ़ती आमद से इलाके की रौनक फिर से लौट आई है। बर्फबारी के बाद से लगातार फोन कॉल आ रहे हैं और क्वेरी बढ़ी हैं, जिससे विंटर टूरिज्म के बेहतर रहने की उम्मीद मजबूत हुई है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User