प्रधान डाकघर गुना में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस "स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

Sunday, June 21, 2026 - 13:07
Updated: 2 months ago
0
प्रधान डाकघर गुना में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस "स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

गुना (आरएनआई) आज 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज प्रधान डाकघर गुना में भारत सरकार द्वारा निर्धारित थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" के अंतर्गत योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पतंजलि परिवार के योग शिक्षक एवं भारत स्वाभिमान न्यास के जिला संवाद प्रभारी श्री अरविंद श्रीवास्तव द्वारा सभी डाक कर्मयोगियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया। उन्होंने दैनिक जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी कर्मचारियों से नियमित योग करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अधीक्षक डाकघर, गुना संभाग श्री ओ.पी. चतुर्वेदी ने योग के माध्यम से स्वयं तथा अपने आसपास के अस्तित्व से जुड़ने का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को अपनाने पर बल दिया।

उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुना डाक संभाग के अंतर्गत गुना एवं अशोकनगर जिलों के सभी डाकघरों एवं शाखा डाकघरों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। संभाग स्तरीय मुख्य कार्यक्रम प्रधान डाकघर गुना में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव को योग के क्षेत्र में उनके योगदान एवं डाक विभाग के कर्मचारियों को योग प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। अधीक्षक डाकघर श्री चतुर्वेदी ने उनके प्रति विभाग की ओर से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में सहायक अधीक्षक श्री एस.के. तिवारी, उप संभागीय निरीक्षक श्री राहुल जैन, शिकायत निरीक्षक सुश्री प्राची त्रिवेदी, पोस्टमास्टर श्री ओ.पी. श्रोतिय सहित संभागीय कार्यालय, प्रधान डाकघर गुना एवं स्थानीय डाकघरों के कार्यालय सहायक, डाक सहायक, पोस्टमैन, एमटीएस तथा ग्रामीण डाक सेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User