पीलीभीत में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- 'साइकिल' चलेगी तो दंगे होंगे, इसलिए जनता ने पंचर कर दी

Monday, June 29, 2026 - 14:02
0
पीलीभीत में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- 'साइकिल' चलेगी तो दंगे होंगे, इसलिए जनता ने पंचर कर दी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित पतरासा कुंवरपुर गांव में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने ऐसी राजनीति को नकार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे, इसलिए जनता ने उसे पंचर कर दिया।"

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 569.11 करोड़ रुपये की लागत वाली 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही करीब ढाई हजार विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार प्रमाण पत्र भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि लगभग 55-56 वर्ष पहले तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से प्रताड़ित होकर आए परिवारों को पीलीभीत में बसाया गया था और अब उन्हें भारतीय नागरिकता तथा भूमि अधिकार मिलने से उनके जीवन में नई शुरुआत हुई है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत भगवान श्रीराम के जयकारे के साथ की और कहा कि बीसलपुर तथा बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्रों को लगभग 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिकार प्रमाण पत्र मिलने के बाद अब इन परिवारों को कोई भी यहां से बेदखल नहीं कर सकता और उन्हें अपनी पहचान तथा विरासत को सुरक्षित रखने का अवसर मिला है।

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर देश विभाजन को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता की राजनीति के कारण देश का विभाजन हुआ, जिसका खामियाजा लाखों लोगों को विस्थापन और हिंसा के रूप में भुगतना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने गरीबों, दलितों और वंचितों की समस्याओं की अनदेखी की। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार विकास और कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

साथ ही मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकारों के एजेंडे में प्रदेश के पिछड़े जिलों का विकास नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता तो पीलीभीत जैसे क्षेत्रों में पहले ही मेडिकल कॉलेज और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित हो चुकी होतीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User