पीएम मोदी का फर्जी फोटो शेयर करने पर बवाल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने 73 वर्षीय कांग्रेस नेता को पहनाई साड़ी

Sep 23, 2025 - 19:01
 0  243

ठाणे (महाराष्ट्र) (आरएनआई) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक फर्जी (मॉर्फ्ड) फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के बाद महाराष्ट्र में सियासी बवाल मच गया। डोंबिवली के वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश उर्फ मामा पगारे (73 वर्ष) ने यह पोस्ट फेसबुक पर साझा किया था। पोस्ट वायरल होते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया और आरोप लगाया कि इससे प्रधानमंत्री का अपमान हुआ है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उक्त पोस्ट में एक मॉर्फ्ड फोटो और वीडियो था, जिसमें शीर्षक लिखा था – “माफ करना लड़कियों, मैं भी ट्रेंड में रहना चाहता हूं।” इस वीडियो में एक आपत्तिजनक गाना भी जोड़ा गया था।

विवाद बढ़ने पर मंगलवार सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता पगारे को घेर लिया और जबरन उन्हें साड़ी पहना दी। इस दौरान पगारे सफेद कुर्ता-पायजामा पहने हुए थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में पगारे हैरानी जताते हुए कहते नजर आते हैं – “ये क्या हो रहा है?” जिस पर भाजपा कार्यकर्ता उन्हें दोबारा ऐसा काम न करने की नसीहत देते हैं।

कांग्रेस नेता की सफाई

कांग्रेस नेता पगारे ने कहा –
“मैंने केवल फेसबुक पर एक मौजूदा पोस्ट को फॉरवर्ड किया था। बाद में जब मैं अस्पताल में था तो भाजपा नेता संदीप माली का फोन आया। जैसे ही मैं अस्पताल से बाहर निकला, संदीप माली कुछ लोगों के साथ पहुंचे और मुझसे पोस्ट को लेकर पूछताछ की। उन्होंने धमकी भी दी। भाजपा कार्यकर्ताओं का यह कदम गलत है। मैं उनके खिलाफ अत्याचार अधिनियम (Atrocities Act) के तहत कानूनी कार्रवाई करूंगा।”

कांग्रेस का विरोध

कांग्रेस के कल्याण प्रमुख सचिन पोटे ने घटना की निंदा की। उन्होंने कहा –
“पगारे वरिष्ठ नेता हैं। अगर उन्होंने कोई गलत पोस्ट साझा की थी, तो भाजपा नेताओं को पुलिस में शिकायत करनी चाहिए थी। किसी को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना बिल्कुल गलत है।”

भाजपा की चेतावनी

भाजपा के कल्याण जिला अध्यक्ष नंदू परब ने कहा –
“अगर कोई हमारे वरिष्ठ नेताओं को सोशल मीडिया पर बदनाम करने की कोशिश करेगा, तो हम भी उसी तरह जवाब देंगे। यह चेतावनी है।”

भाजपा नेता नरेंद्र शर्मा ने भी बयान देते हुए कहा –
“कांग्रेस नेता प्रकाश पगारे ने प्रधानमंत्री मोदी का अपमान किया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर ऐसा दोबारा हुआ तो कार्यकर्ता वैसी ही कार्रवाई करेंगे जैसी आज की गई।”

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.