नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपए लेने का आरोप, वेतन नहीं मिला तो कलेक्टर से लगाई गुहार

Tuesday, June 16, 2026 - 22:31
Updated: 2 months ago
0
नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपए लेने का आरोप, वेतन नहीं मिला तो कलेक्टर से लगाई गुहार

गुना (आरएनआई) जिला अस्पताल में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपए लेने और बाद में वेतन दिए बिना नौकरी से हटाने का आरोप लगाते हुए एक युवक मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा। जनसुनवाई में उसने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

आरोन तहसील के ग्राम जसवंतपुर निवासी राकेश बुनकर ने आवेदन में बताया कि करीब तीन माह पहले उसे जिला अस्पताल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था। आरोप है कि इसके एवज में उससे 50 हजार रुपए की मांग की गई। युवक का कहना है कि उसने रिश्तेदारों से उधार लेकर यह राशि दी थी। इसके कुछ समय बाद उसे जिला अस्पताल में कार्य करने का नियुक्ति आदेश दिया गया।

फरियादी के अनुसार उसने 2 अप्रैल 2026 से जिला चिकित्सालय में ड्यूटी करना शुरू किया। उसे अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर आवारा मवेशियों को हटाने का कार्य सौंपा गया था। उसने दावा किया कि नियमित रूप से ड्यूटी की, उपस्थिति दर्ज कराई और रजिस्टर पर हस्ताक्षर भी किए। इसके बावजूद जब माह समाप्त होने पर वेतन मांगा तो उसे बताया गया कि उसने केवल दो दिन ही काम किया है।

राकेश बुनकर का आरोप है कि बाद में उसे यह कहकर हटा दिया गया कि कंपनी ने उसकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। जब उसने कारण पूछा तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय आने पर उसे धमकाया गया और पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

जनसुनवाई में दिए आवेदन में उसने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कथित रूप से लिए गए 50 हजार रुपए वापस दिलाए जाएं तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। युवक ने स्वयं को आर्थिक रूप से कमजोर बताते हुए दोबारा रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग की है। प्रशासन ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User