नेता नहीं, बदमाश का जुलूस: जेल से रिहाई के बाद आगरा में तगड़ी भीड़, सड़कें हुईं जाम — पुलिस की सख्त कार्रवाई
आगरा (आरएनआई) नेता हो या अभिनेता, जुलूस में भीड़ जुटना आम बात है, मगर मंगलवार को आगरा में एक बदमाश की रिहाई पर जिस तरह समर्थकों की भीड़ उमड़ी, उसने शहर की शांति भंग कर दी। सड़कें जाम हो गईं और हुड़दंग से राहगीर दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 10 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया और वाहनों को सीज किया। हालांकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार थाना न्यू आगरा क्षेत्र के दयालबाग चौकी इलाके में दोपहर के समय बदमाश राज चौहान की रिहाई पर उसके समर्थकों ने हंगामा कर दिया। ट्रांस यमुना निवासी राज चौहान करीब एक साल बाद हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने के मामले में जेल से छूटा है। उसकी रिहाई की जानकारी उसके भाई हर्ष चौहान ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी थी, जिसके बाद 200 से अधिक समर्थक जिला जेल गेट पर जमा हो गए।
जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने राज चौहान को कार की छत पर बिठाकर खंदारी बाईपास होते हुए जुलूस निकाला। इस दौरान बेतरतीब वाहन चलाने और नारेबाजी ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। करीब 200 युवकों की भीड़ के कारण रास्ते में भारी जाम लग गया और राहगीरों को लंबे समय तक परेशान होना पड़ा।
अव्यवस्था की सूचना मिलते ही दयालबाग चौकी प्रभारी टीम सहित मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर-बितर करने की कार्रवाई की। पुलिस ने 10 युवकों को गिरफ्तार कर तीन कारें और एक बाइक सीज कर दी। साथ ही 12 नामजद और करीब डेढ़ सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि राज चौहान क्षेत्र में गैंगस्टर आलोक यादव की तर्ज पर अपना गैंग संचालित करता है, और इसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब राज चौहान, उसके भाई और अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



