झपकी बनी काल: एक्सप्रेस-वे पर बस हादसे में चालक की मौत, महिला घायल

Monday, June 22, 2026 - 11:44
0
झपकी बनी काल: एक्सप्रेस-वे पर बस हादसे में चालक की मौत, महिला घायल

कन्नौज (आरएनआई)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बस चालक की मौत हो गई, जबकि एक महिला यात्री घायल हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित रहे।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जयपुर से गोरखपुर जा रही श्री मूर्ति बस सर्विस की बस रविवार देर रात करीब एक बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई, जिससे बस आगे चल रहे एक अज्ञात भारी वाहन से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सामने के शीशे टूट गए। हादसे में कंडक्टर सीट पर बैठे दूसरे चालक मुकेश, निवासी जस्सा खेड़ा, जिला ब्यावर (राजस्थान), गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बस में सवार मनवीरी, पत्नी सुरेश चंद, निवासी भरतपुर (राजस्थान), भी घायल हो गईं।

सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, यूपीडा की टीम, एंबुलेंस और थाना सौरिख पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए पीजीआई सैफई भेजा गया। उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल चालक मुकेश ने दम तोड़ दिया, जबकि महिला यात्री की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

हादसे के बाद बस चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी टोल प्लाजा पहुंचाया गया, जहां से वैकल्पिक बसों की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया। घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि एक्सप्रेस-वे पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। पुलिस ने बस मालिक और मृतक चालक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई झपकी माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User