जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रक-टेंपो की भिड़ंत में पांच श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल
जोधपुर, राजस्थान (आरएनआई)। जोधपुर–जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बालेसर थाना क्षेत्र के खारी बेरी गांव के पास रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने हाईवे पर अफरातफरी मचा दी। रामदेवरा के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गया, जिसमें पांच श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई और 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक और घायल गुजरात के साबरकांठा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे तब हुआ जब बाजरे की बोरियों से भरा ट्रक तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर टेंपो से आमने-सामने भिड़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया, जबकि ट्रक भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत अपने वाहन रोककर घायलों को बाहर निकालने में मदद की तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बालेसर, आगोलाई और हाईवे सेवा की तीन एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बालेसर ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें एमडीएम अस्पताल, जोधपुर रेफर कर दिया गया। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने जोधपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बालेसर थाना प्रभारी मूल सिंह भाटी ने बताया कि ट्रक चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है। मृतकों के शवों को बालेसर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए जोधपुर–जैसलमेर हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।
रामदेवरा दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की यह यात्रा हादसे में मातम में बदल गई, और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



