जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से तबाही, बाढ़-भूस्खलन में 8 की मौत; अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिवखोड़ी यात्राएं अस्थायी रूप से स्थगित

Sunday, July 19, 2026 - 12:55
0
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से तबाही, बाढ़-भूस्खलन में 8 की मौत; अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिवखोड़ी यात्राएं अस्थायी रूप से स्थगित

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पुंछ और राजोरी जिलों में व्यापक तबाही मचा दी है। अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और मकान ढहने की घटनाओं में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव अभियान जारी है और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा और शिवखोड़ी यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है।

सबसे अधिक प्रभावित पुंछ जिले के सुरनकोट और हवेली क्षेत्र रहे। सुरनकोट के लोअर मुर्रा गांव में भूस्खलन के कारण एक मकान मलबे में दब गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य अब भी लापता हैं। नूनाबांडी गांव में मकान गिरने से 28 वर्षीय नाजिया कौसर की मौत हो गई, जबकि उनके पति और तीन बच्चे घायल हो गए। संगलेयानी गांव में भी मकान ढहने से एक युवक की जान चली गई।

मरहोट इलाके में एक नाबालिग लड़की तेज बहाव वाले नाले में बह गई, जबकि धुंधक लाथूंग पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। हवेली क्षेत्र में भी मकान गिरने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुंछ नगर में पुलस्त्य नदी में आई बाढ़ से दो दुकानें, एक आटा चक्की और एक वाहन सर्विस स्टेशन बह गए। कई वाहन भी बाढ़ की चपेट में आ गए। भूस्खलन के कारण जिले की अधिकांश सड़कें बंद हैं, जबकि बिजली आपूर्ति और बीएसएनएल व एयरटेल की दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

प्रशासन ने लोगों से नदियों और नालों के किनारे जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा न करने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User