चैत्र नवरात्रि से पहले राम जन्मभूमि परिसर के लिए नई व्यवस्था, मोबाइल फोन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
अयोध्या (आरएनआई) अयोध्या में चैत्र नवरात्रि के मद्देनज़र राम जन्मभूमि परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर नई व्यवस्थाएँ लागू की जा रही हैं। श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने जानकारी दी है कि परिसर में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही किसी भी व्यक्ति को अपने निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि लाइसेंसी रिवॉल्वर, तलवार और बंदूक जैसे हथियारों को भी परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि सिख श्रद्धालुओं को उनकी धार्मिक परंपरा के अनुसार छोटी कृपाण पहनने की छूट दी जाएगी।
चंपत राय के अनुसार 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। उपवास रखने वाले भक्तों के लिए फल, मखाना, मूंगफली और आलू के चिप्स उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा राम जन्मभूमि परिसर में श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी और शौचालय की भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। ट्रस्ट की ओर से बताया गया है कि प्रवेश द्वारों से संबंधित विस्तृत जानकारी अगले एक से दो दिनों में जारी की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)