चंडीगढ़ में अमृतपाल समर्थकों का प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़े; पुलिस ने वाटर कैनन का किया इस्तेमाल
सांसद अमृतपाल सिंह और अन्य बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर बुधवार को चंडीगढ़ में वारिस पंजाब दे के समर्थकों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़ बॉर्डर पर लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वाटर कैनन का रुख भी मोड़ दिया और आगे बढ़ने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारी अमृतपाल सिंह समेत अन्य बंदी सिखों की रिहाई की मांग कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में व्यापक इंतजाम किए हैं और कई संवेदनशील मार्गों पर यातायात प्रतिबंध व डायवर्जन लागू किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मोहाली बॉर्डर (बुड़ैल जेल के पीछे) से सेक्टर-50/51 चौक और वहां से सेक्टर-44/45 लाइट प्वाइंट तक सरोवर पथ पर वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से डायवर्ट की गई है। इसके अलावा सेक्टर-43/44/51/52 चौक (आईएसबीटी चौक) से सेक्टर-44/45 चौक (गौशाला चौक) होते हुए सेक्टर-45/46-49/50 चौक तक विकास मार्ग पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। सेक्टर-43/44 और सेक्टर-45/46 लाइट प्वाइंट के आसपास भी यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने अंतरराज्यीय बसों को सेक्टर-43 आईएसबीटी पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें और ट्रैफिक अपडेट के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)