आज से अगले दो दिन बारिश का यलो अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर में मानसून रहेगा मेहरबान
दिल्ली-एनसीआर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 29 और 30 जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, बीते 24 घंटों में दिल्ली के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम, लोधी रोड, रिज और आया नगर समेत अन्य मौसम केंद्रों पर भी तापमान सामान्य से 4 से 5.7 डिग्री तक कम रहा।
मंगलवार दोपहर 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच कई इलाकों में मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की गई। पूसा में सबसे अधिक 80 मिमी वर्षा हुई। इसके बाद जनकपुरी में 72 मिमी, लोधी रोड में 63.4 मिमी, सफदरजंग में 57.6 मिमी, छतरपुर में 57.5 मिमी, आया नगर में 50.1 मिमी, नारायणा में 44 मिमी, रिज में 37.3 मिमी और पालम में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान नजफगढ़ में वर्षा दर्ज नहीं हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 जुलाई से 3 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 29 और 30 जुलाई को सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि शाम और रात में भी कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। इसे देखते हुए आईएमडी ने अगले दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)