गुना में नशामुक्ति अभियान के 15वें दिन निकली विशाल जनजागरूकता रैली, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश

Friday, July 31, 2026 - 18:38
Updated: 2 days ago
0
गुना में नशामुक्ति अभियान के 15वें दिन निकली विशाल जनजागरूकता रैली, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश

नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज निर्माण के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 30 जुलाई तक प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के अंतर्गत गुना पुलिस द्वारा जिले में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ किया जाकर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गुना पुलिस द्वारा विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाकर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ।

                  

इसी क्रम में गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में आज दिनांक 29 जुलाई 2026 को अभियान के 15वें दिन गुना पुलिस द्वारा नशा मुक्ति जनजागरुकता रैली का आयोजन किया गया । रैली को पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया । यह रैली पुलिस लाईन गुना से शुरु होकर जेल रोड़, परशुराम चौराहा, घासडिपो, कैंट रोड, हनुमान चौराहा, हाट रोड, रपटा पुल, सदर बजार, सुगन चौराहा, जयस्तंभ चौराहा,जगत होटल, जज्जी बसस्टेंड, वंदना स्कूल, मारुति शोरुम, बजरंगगढ बायपास, भुल्लनपुरा ब्रिज, जयस्तंभ चौराहा, रेलवे स्टेशन रोड तिराहा, तेलघानी तिराहा, हनुमान चौराहा, अम्बेडकर चौराहा, बीएसएनएल एक्सचेंज, रिलायंस पैट्रोल पंप तिराहा, गोपालपुरा रोड़ होते हुए पुलिस लाईन पहुंचकर संपन्न हुई । रैली के दौरान नशा मुक्ति जागरुकता रथ पर लगे लाउड स्पीकर तथा रैली में शामिल पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा हाथों में ली गईं तख्तियों, पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया ।  

उक्त जागरुकता रैली में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, डीएसपी मुख्यालय जमीलउद्दीन सिद्दकी, डीएसपी यातायात मुकेश दीक्षित, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, ट्रैफिक टीआई अजयप्रताप सिंह कुशवाह, कंट्रोलरुम प्रभारी निरीक्षक विकाश उपाध्याय, रक्षित निरीक्षक स्मृति दोहरे, गुना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, बजरंगगढ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार आदि अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे ।                        

               अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा स्वयं भी आज फतेहगढ के सीएम राईज स्कूल पहुंची और जहां आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई, जिसमें कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र का भविष्य है । यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएंगे तो एक स्वस्थ, सुरक्षित, अपराधमुक्त एवं आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव होगा । साथ ही उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने एवं अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया । इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा लघु नाटिका के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रचारित किया गया ।

               इसी प्रकार जिले के समस्त थाना/चौकी क्षेत्रों में पुलिस द्वारा नशामुक्ति जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर नशा न करने और नशे से होने वाली आर्थिक, शारीरिक व मानसिक हानि के बारे में जानकारी देकर जागरुक किया गया ।      

               गुना पुलिस का यह अभियान केवल जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज में नशे के विरुद्ध एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करते हुए प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ, सुरक्षित, जिम्मेदार एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User