गुना पुलिस ने 15 लाख के 65 गुम मोबाइल लौटाए, तकनीकी दक्षता से फिर हासिल की बड़ी सफलता

Friday, July 3, 2026 - 22:54
Updated: 1 month ago
0
गुना पुलिस ने 15 लाख के 65 गुम मोबाइल लौटाए, तकनीकी दक्षता से फिर हासिल की बड़ी सफलता

गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गुना पुलिस द्वारा आमजन के गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु आधुनिक तकनीक के माध्यम से लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही हैं । इसी क्रम में पुलिस की साइबर टीम ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से विगत एक माह के दौरान लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के 65 गुम मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है ।

जिलेभर से प्राप्त गुम मोबाइल संबंधी आवेदनों को गुना पुलिस द्वारा गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों तथा CEIR पोर्टल के माध्यम से लगातार ट्रैकिंग एवं विश्लेषण किया । पुलिस के सुनियोजित प्रयासों के परिणामस्वरूप विभिन्न स्थानों से 65 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है ।

आज 03 जुलाई को गुना पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए गए । लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी और संतोष स्पष्ट दिखाई दिया । उपस्थित लोगों ने गुना पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं तकनीक आधारित कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया ।

कार्यक्रम के दौरान मोबाइल प्राप्त करने आए सभी नागरिकों से पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने संवाद स्थापित कर मध्यप्रदेश पुलिस के "सेफ क्लिक-2.0" अभियान की जानकारी दी।

 उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, ओटीपी, यूपीआई पिन एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जागरूक किया एवं कहा कि "आज के डिजिटल युग में मोबाइल फोन केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के निजी, सामाजिक एवं व्यावसायिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है । ऐसे में गुम मोबाइलों की बरामदगी केवल संपत्ति लौटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आमजन के विश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में गुना पुलिस का महत्वपूर्ण प्रयास है ।"

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए, तो तत्काल संबंधित थाना अथवा पुलिस के माध्यम से इसकी सूचना दर्ज कराएं, जिससे समय रहते तकनीकी सहायता से उसकी बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।

इस उल्लेखनीय सफलता में सायबर सेल प्रभारी सउनि महेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक कुलदीप भदौरिया, आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक, आरक्षक अभय रघुवंशी सहित जिले के समस्त थानों में CEIR पोर्टल पर कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही है।

 गुना पुलिस तकनीक आधारित पुलिसिंग को सशक्त बनाते हुए आमजन की सुरक्षा, सुविधा एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है । गुम संपत्ति की बरामदगी हो या साइबर अपराधों की रोकथाम—गुना पुलिस आधुनिक तकनीक, त्वरित कार्यवाही एवं जनसहभागिता के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User