कादीपुर जूनियर हाईस्कूल मैदान पर महाराणा प्रताप जयंती समारोह आयोजित राणा प्रताप प्रतिमा का हुआ अनावरण

Saturday, May 9, 2026 - 16:55
Updated: 3 months ago
0
कादीपुर जूनियर हाईस्कूल मैदान पर महाराणा प्रताप जयंती समारोह आयोजित राणा प्रताप प्रतिमा का हुआ अनावरण

सुलतानपुर (आरएनआई) क्षत्रियों का इतिहास कोई नया नहीं है, हम सतयुग, द्वापर, त्रेता युग में भी थे और कलयुग में भी हैं। क्षत्रिय हमेशा सर्व समाज के लिए लड़ता रहा है। हमें अपने पूर्वजों का अनुकरण करते हुए आज भी सर्वसमाज के लिए लड़ना होगा। यह बातें महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह कस्बे के जूनियर हाई स्कूल के मैदान में कही। 

उन्होंने आगे कहा कि हम आरक्षण के विरोधी नहीं हैं। हम चाहते हैं कि समाज के गरीब वर्ग को उठाने के लिए आरक्षण मिले लेकिन हम चाहते हैं कि इसकी समीक्षा की जानी चाहिए कि आरक्षण का लाभ गांव के गरीब को मिल रही है ? 

आयोजकों से आग्रह करते हुए कहा कि अगले साल की जयंती के अवसर पर अग्रिम पंक्ति में ब्राह्मण समाज के लोग बैठे मिले तब कार्यक्रम सफल माना जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश का इतिहास फिर से लिखे जाने की जरूरत है। सातवीं शताब्दी में मुहम्मद बिन कासिम ने ब्राह्मण राजा दाहिर की हत्या करके उनकी दो पुत्रियों सूर्या और परिमल देवी को सीरिया में दमिश्क के खलीफा को सौंपने के लिए ले गया तो उन दोनों राजकुमारियों ने बदला लेने के उद्देश्य से कहा कि अब हम आपके काबिल नहीं हैं क्यों कि मुहम्मद बिन कासिम ने मुझे अपवित्र कर दिया है। यह सुनते ही नाराज खलीफा ने कासिम को मृत्यु दंड दिया और दोनों राजकुमारियों को दीवार में चुनवा दिया था। उसके बाद बप्पा रावल की मदद से पहली बार देश में हिंदू सेना बनी थी जिनमें साढ़े छह हजार सैनिक थे। उन्होंने युद्ध में कासिम की सेना को परास्त करके पाकिस्तान से लेकर सीरिया ईरान तक राज्य का विस्तार किया। बप्पा रावल के नाम से ही रावलपिंडी बना था। महात्मा गांधी बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज मुगलों से लड़े, अंग्रेजों से लड़े लेकिन इतिहास लिखने वालों ने लिख दिया साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल। इसलिए मुझे लगता है कि देश का इतिहास फिर से लिखा जाना चाहिए।

कार्यक्रम में विधानपरिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, देवेन्द्र सिंह, अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ के पीठाधीश्वर अवधूत उग्र चण्डेश्वर कपाली बाबा,विधायक राजेश गौतम, कादीपुर नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल,पूर्व मंत्री ओपी सिंह, अरविन्द सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष करणी सेना वीर प्रताप सिंह वीरू,अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद के राष्ट्रीय सचिव ई आरपी सिंह, जिला कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन योगेन्द्र सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि प्रातेश सिंह बन्टी, क्षत्रिय कल्याण परिषद कादीपुर अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, महासचिव गजेन्द्र बहादुर सिंह डब्बू, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह, सचिव नीरज सिंह, सर्वेश कुमार सिंह, मोहित सिंह, वेदप्रकाश सिंह कलान,राणा अजीत सिंह, सहित हजारों लोग उपस्थित रहे। महाराणा प्रताप जयंती समारोह में भोजपुरी के प्रख्यात गायक कलाकार दीनबंधु सिंह ने वीर रस में गायन प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया। महाराणा प्रताप जयंती समारोह व अनावरण कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों को आयोजकों ने शाल स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User