कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा बैठक संपन्न, बिना सूचना अनुपस्थित होने पर मिले कड़ी चेतावनी
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, परिणाम आधारित कार्य के करने के दिए निर्देश
गुना (आरएनआई) जिले में विकास कार्यों की प्रगति, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा, 90% से अधिक स्कोर का लक्ष्य
कलेक्टर श्री कन्याल ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को 90 प्रतिशत से अधिक स्कोर प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विभाग निर्धारित लक्ष्यों तक सीमित न रहें, बल्कि उससे आगे बढ़कर कार्य करें तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।
यातायात सुधार व अतिक्रमण हटाने के निर्देश
कलेक्टर ने एसडीएम एवं तहसीलदारों को यातायात व्यवस्था में सुधार तथा अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात और स्वच्छ शहर प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए नियमित मॉनिटरिंग के साथ ठोस कार्रवाई की जाए।

आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने पर जोर
आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार एवं उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए इन क्षेत्रों में विशेष प्राथमिकता दी जाए।
मूलभूत सुविधाओं की तैयारी, अनुपस्थित अधिकारियों को चेतावनी
गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका को पेयजल व्यवस्था की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने, सीवर लाइन, स्वच्छता एवं अन्य लंबित कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार
बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना की स्थिति में अस्पताल में डेढ़ लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पुष्प प्रदर्शनी की तैयारियों की समीक्षा
आगामी 28 फरवरी एवं 01 मार्च 2026 को मानस भवन, गुना में आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन योजना की समीक्षा
बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी अवधेश पाण्डे ने बताया कि गुना में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन योजना के तहत 750 उपभोक्ता पीएनजी गैस पाइपलाइन से लाभान्वित हो रहे हैं। वर्तमान में पांच सीएनजी पंप संचालित हैं तथा एक नया पंप शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने पर जोर
बैठक के अंत में जीवन ज्योति बीमा योजना, मुद्रा योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर द्वारा लंबित पत्रों की विभागवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)