कम बारिश को लेकर केंद्र अलर्ट, PM मोदी ने 10 मंत्रालयों को दिए निर्देश; राशन के चावल की गुणवत्ता भी होगी बेहतर
देश में सामान्य से कम बारिश की आशंका के बीच केंद्र सरकार सतर्क हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित मंत्रालयों और विभागों को समन्वय के साथ काम करने और हर स्थिति से निपटने के लिए पहले से आपातकालीन योजना तैयार रखने के निर्देश दिए।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि कम बारिश का असर कृषि, पेयजल और बिजली आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर न पड़े, इसके लिए सभी जरूरी कदम समय रहते उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही या मंत्रालयों के बीच तालमेल की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।
सरकार के 10 प्रमुख मंत्रालय इस पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। इनमें कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय और ऊर्जा मंत्रालय समेत अन्य संबंधित विभाग शामिल हैं। सभी मंत्रालयों को रियल-टाइम डेटा साझा करने, जमीनी स्थिति का लगातार आकलन करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने जुलाई में देश में औसत से कम वर्षा होने की संभावना जताई है।
इस बीच, केंद्रीय कैबिनेट ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) के तहत वितरित होने वाले चावल की गुणवत्ता सुधारने का भी फैसला किया है। केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि राशन में दिए जाने वाले कच्चे चावल में टूटे चावल की अधिकतम सीमा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है। इस फैसले का उद्देश्य 80 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को बेहतर गुणवत्ता का अनाज उपलब्ध कराना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)