ऑपरेशन त्राशी-1: रातभर रुका अभियान, सुबह फिर शुरू हुई आतंकियों की तलाश, ग्रेनेड हमले में आठ जवान घायल

Jan 19, 2026 - 12:11
 0  81
ऑपरेशन त्राशी-1: रातभर रुका अभियान, सुबह फिर शुरू हुई आतंकियों की तलाश, ग्रेनेड हमले में आठ जवान घायल

किश्तवाड़ (आरएनआई)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में छिपे आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने सोमवार सुबह एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। रविवार को हुई मुठभेड़ के दौरान आतंकियों के ग्रेनेड हमले में सेना के आठ जवान घायल हो गए थे। फिलहाल ऑपरेशन जारी है और पूरे इलाके को कड़ी घेराबंदी में लिया गया है।

यह अभियान रविवार को किश्तवाड़ के छात्रू क्षेत्र के सुदूर सिंहपोरा इलाके में स्थित सोनार गांव के पास शुरू किया गया था। तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने अचानक ग्रेनेड हमला कर दिया, जिसमें आठ जवान घायल हो गए। घायल जवानों को छर्रे लगने से चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, घना जंगल, ऊंची पहाड़ियां और कम दृश्यता के कारण रविवार रात अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था। अंधेरा और दुर्गम इलाका होने के चलते जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रातभर ऑपरेशन स्थगित रखा गया। सोमवार तड़के हालात अनुकूल होते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमें फिर से इलाके में उतरीं।

आतंकियों को भागने से रोकने के लिए पूरे क्षेत्र में मजबूत घेरा बनाया गया है। ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से जंगलों और पहाड़ी इलाकों में सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि दो से तीन आतंकी इलाके में छिपे हो सकते हैं, जिनका संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक आतंकियों से दोबारा संपर्क नहीं हो पाया है।

इस संयुक्त अभियान को ‘ऑपरेशन त्राशी-1’ नाम दिया गया है। सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर पुलिस के सहयोग से चलाया जा रहा है। सेना ने कठिन परिस्थितियों में जवानों के साहस, संयम और पेशेवर रवैये की सराहना की है।

आगामी गणतंत्र दिवस को देखते हुए पूरे जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश कर सकते हैं, जिसके चलते आतंकवाद विरोधी अभियानों में तेजी लाई गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.