उत्तर-पश्चिम भारत में बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बारिश तो मैदानों में लू का खतरा
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम के बड़े बदलाव की चेतावनी जारी की है। 11 मई की तड़के सुबह से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि राजस्थान और गुजरात समेत कुछ इलाकों में लू का प्रकोप जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 से 14 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल और उत्तराखंड में 12 और 13 मई को ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है।
मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में 12 मई तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में अस्थायी राहत मिलने के आसार हैं।
दूसरी ओर राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना और रायलसीमा के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने राजस्थान और गुजरात में 15 मई तक लू चलने की चेतावनी दी है।
इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना भी जताई गई है, जिसका असर पूर्वी और दक्षिण भारत के मौसम पर पड़ सकता है।
दक्षिण भारत के लिए भी भारतीय मौसम विभाग ने आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, कराईकल और माहे में अगले सात दिनों तक गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है।
तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है, जबकि लक्षद्वीप में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)