असम में 12 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण, पीएम मोदी के शामिल होने की संभावना
असम में नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटनरी फील्ड में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी समारोह में मौजूद रह सकते हैं।
राज्य के मुख्य सचिव रवि कोटा ने शपथ ग्रहण की तारीख और आयोजन स्थल की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वीआईपी प्रोटोकॉल और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन का फोकस समारोह को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है।
इससे पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। हालांकि, राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाने को कहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)