अलीगढ़ में सांसद सतीश गौतम के बयान पर सियासी घमासान, एएमयू छात्र हाईकोर्ट जाने की तैयारी
अलीगढ़ (आरएनआई) अलीगढ़ में लाउडस्पीकर और नुमाइश मैदान में नमाज को लेकर दिए गए सांसद सतीश गौतम के विवादित बयान ने शहर के सांप्रदायिक और राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। आगामी त्योहारों और धार्मिक परंपराओं के बीच शुरू हुआ यह विवाद अब कानूनी और राजनीतिक मोड़ लेता नजर आ रहा है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के छात्रों ने सांसद के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी शुरू कर दी है।
सांसद के बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता यामीन अब्बासी ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिससे विवाद और बढ़ गया। वहीं, एएमयू के छात्रों और विपक्षी नेताओं ने सांसद के बयान को जनप्रतिनिधि की गरिमा के खिलाफ बताते हुए इसका विरोध किया है।
छात्र नेता इब्राहिम खान का कहना है कि भारत की पहचान उसकी विविधता और एकता में है, ऐसे में एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। छात्रों का आरोप है कि सांसद अपने क्षेत्र की बड़ी मुस्लिम आबादी की भावनाओं और रमजान-ईद जैसे त्योहारों की संवेदनशीलता को नजरअंदाज कर रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है और मामला अब अदालत तक पहुंचने की तैयारी में है।
बरेली में दोहरे हत्याकांड का आरोपी अफसर खां पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो सिपाही घायल
बरेली (आरएनआई) बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में सास और साले की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी अफसर खां को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
अनुराग आर्य ने बताया कि सोमवार को हुए दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। मंगलवार सुबह करीब छह बजे इज्जतनगर इलाके में पुलिस ने उसे घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। मौके से एक पिस्टल और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया है।
घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी की है, जहां पारिवारिक विवाद को लेकर पंचायत के दौरान अफसर खां ने अपनी सास आसमां और साले आदिल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी, जबकि पत्नी सायमा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2004 में उसने अपनी मामी के साथ मिलकर अपने मामा की हत्या की थी, जिसमें वह जेल भी जा चुका था और बाद में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी था और पारिवारिक विवाद अक्सर हिंसक रूप ले लेते थे। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)