अधिवक्ताओं से सुझाव मांगे, देहरादून कचहरी में सभी गतिविधियां बंद; आज पूरे दिन हड़ताल
देहरादून (आरएनआई)। देहरादून में अधिवक्ताओं की हड़ताल मंगलवार को और तेज हो गई है। चेंबर निर्माण की मांग को लेकर वकीलों ने आज पूरे दिन कचहरी की सभी गतिविधियां पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है। स्टांप बिक्री, रजिस्ट्री प्रक्रिया तथा नियमित न्यायिक कार्यवाही भी प्रभावित रहेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल बीते दिनों जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह से मिला था। दोनों अधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर अधिवक्ताओं की मांगें सुनीं और बताया कि फिलहाल पुराने चेंबरों से किसी भी अधिवक्ता को विस्थापित नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने वकीलों से सुझाव देने के लिए एक कमेटी बनाने को कहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चेंबर निर्माण के लिए अतिरिक्त भूमि आवंटन सहित अन्य मांगों के सुझाव सरकार को समयबद्ध प्रक्रिया में भेजे जाएंगे।
इसके बावजूद देहरादून बार एसोसिएशन ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। बार अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि अधिवक्ता अपनी मांगों पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित होने तक पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। इसी क्रम में बार ने एक संघर्ष समिति बनाए जाने पर सहमति जताई है, ताकि आंदोलन को संगठित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को दोबारा जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा। इसके बाद बार पदाधिकारियों की अगली बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। तब तक के लिए हड़ताल जारी रहेगी। बताया गया कि अधिवक्ता प्रतिदिन हड़ताल की अवधि बढ़ा रहे हैं—सोमवार को कचहरी में काम साढ़े तीन बजे तक पूरी तरह बंद रहा।
अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक चेंबर निर्माण, भूमि आवंटन और अन्य लंबित मसलों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



