अखिलेश यादव की मुस्लिम महिला सांसद का बड़ा ऐलान, मंदिर के विकास के लिए दिए 10 लाख रुपये
शामली (आरएनआई)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की करीबी और कैराना से सांसद इकरा हसन ने शुक्रवार को धार्मिक सौहार्द की मिसाल पेश की। उन्होंने ऊन थाना क्षेत्र स्थित बाबा समनदास मंदिर में आयोजित स्वामी ज्ञान भिक्षुक दास महाराज की 173वीं विजयंती समारोह के दौरान मंदिर के विकास के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं इकरा हसन ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए एकजुटता और शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा, “कुछ रोक सरकार की ओर से लगाई जाती है, जातियों के नाम पर राजनीति की जाती है, लेकिन मैं चाहती हूं कि यह धनराशि मंदिर के विकास में लगे और कार्य पूरा हो।”
मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भीम आर्मी चीफ और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी मौजूद रहे। उन्होंने समाज को जागरूक करने और समानता की राह पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि “समाज को अब शासक बनना होगा, तभी बराबरी और सम्मान मिल सकेगा।”
गुरु गद्दी उत्सव और महेंद्र संत समागम के इस भव्य आयोजन में सैकड़ों साधु-संतों, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे परिसर में भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय बन गया। संतों ने अपने संदेश में शांति, समानता और भाईचारे पर बल दिया।
सपा सांसद इकरा हसन द्वारा मंदिर के विकास के लिए की गई यह घोषणा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। उनके इस कदम को धार्मिक एकता और सामाजिक सौहार्द की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



