अंग्रेजों से ज्यादा दमनकारी है भाजपा की सरकार: मेहरबान सिंह धाकड़

कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज करने के विरोध में एसपी को सौंपा ज्ञापन। 

Thursday, July 25, 2024 - 21:07
Updated: 2 years ago
0

गुना (आरएनआई) महिला कांग्रेस के आव्हान पर 22 जुलाई को हनुमान चौराहे पर महिला हिंसा के विरोध में प्रदर्शन करने वाले नेताओं पर एफआईआर दर्ज करने की निंदा करते हुए पार्टी ने एसपी को ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के दौरान महिला और पुरुष नेताओं पर दर्ज किए गए मुकद्दमे में खात्मा रिपोर्ट लगाने की मांग की। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मेहरबान सिंह धाकड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस की आवाज को दबाना चाहती है, यह सरकार अंग्रेजों से भी ज्यादा दमनकारी और बुरी है।

पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा से मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बताया कि उन्होंने 22 जुलाई को हनुमान चौराहे पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। इससे पहले दोपहर 1 बजे एसडीएम को सूचना भी दे दी गई थी, इसीलिए चौराहे पर पुलिस फोर्स पहुंच गया था। नियमों का पालन करने के बावजूद भाजपा की शह पर पुलिस ने 18 कांग्रेस नेताओं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं उनपर मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने बताया कि एसपी ने मुलाकात के दौरान माना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। इसलिए कांग्रेस को उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस जांच करने के बाद केस में खात्मा रिपोर्ट दर्ज करेगी। 

महिलाओं को डराने दर्ज किया प्रकरण - सीमा यादव

महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा यादव ने बताया कि भाजपा के इशारे पर जानबूझकर एफआईआर दर्ज कराई गई है, ताकि भविष्य में महिला कांग्रेस महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में आवाज न उठा सके। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने चेतावनी दी है कि पुलिस सत्ता पक्ष को बेवजह लाभ देते हुए इस तरह का रवैया अपनाएगी तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहाकि भाजपा से मिलकर पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त कर रही है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुकद्दमा महिलाओं को डराने के लिए दर्ज किया गया है, लेकिन कांग्रेस इस रवैये के खिलाफ दोगुनी ताकत से एकजुट होगी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भाजपा समर्थित छात्र संगठन एबीवीपी द्वारा वंदना कॉन्वेंट स्कूल में किए गए प्रदर्शन का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के संगठन पुलिस और सरकार के संरक्षण का लाभ उठाते हुए उत्पात मचा रहे हैं, जिन्हें रोका नहीं जा रहा है।

यह रहे मौजूद
इस अवसर पर मेहरबान सिंह धाकड़ जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी गुना, ऋषि अग्रवाल विधायक बमोरी, सीमा यादव जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस, विश्वनाथ तिवारी जिला संगठन प्रभारी, हरिशंकर विजयवर्गीय, शेखर वशिष्ठ प्रतिपक्ष नेता नपा, रजनीश शर्मा, वीरेंद्र सिंह सिसौदिया,  आलोक नायक, पंकज कनेरिया पूर्व विधायक प्रत्याशी, राजेन्द्र तिवारी, प्रकाश सिंह धाकड़, रमेश सेंड़ो, ब्लाक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, रणवीर सिंह कुशवाह, राजू  कोरी जिलाध्यक्ष सेवा दल, राजू जाटव पार्षद प्रतिनिधि, रतिराम धाकड़, हर्ष मेर पूर्व जिला महामंत्री, कैलाश यादव प्रदेश अध्यक्ष इंटक  सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User