‘अपराधियों जैसा व्यवहार क्यों?’ – राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, कहा ‘स्वच्छ हवा हर नागरिक का अधिकार’
नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर रविवार को इंडिया गेट पर नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण पर सख्त कदम उठाने और ठोस नीतियां बनाने की मांग की। लेकिन प्रदर्शन के दौरान कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिसके बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के रवैये पर कड़ा सवाल उठाया।
राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि “स्वच्छ हवा का अधिकार एक बुनियादी मानवाधिकार है। शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार हमारे संविधान द्वारा सुनिश्चित किया गया है। तो फिर स्वच्छ हवा की मांग करने वाले नागरिकों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?”
कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बना हुआ है, जिससे लाखों लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने लिखा कि “वायु प्रदूषण हमारे बच्चों और देश के भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है, लेकिन वोट चोरी से सत्ता में आई सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं। यह सरकार इस गंभीर संकट को हल करने के बजाय, उन नागरिकों को दबाने में लगी है जो अपने हक की मांग कर रहे हैं।”
राहुल गांधी ने पर्यावरणविद विमलेंदु झा की एक्स पोस्ट को भी साझा किया, जिसमें झा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बसों में धकेलकर हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र की आत्मा है और इसे अपराध मानना लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।
दिल्ली में लगातार चौथे दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। हवा में पीएम2.5 और पीएम10 कणों की मात्रा सामान्य स्तर से कई गुना अधिक है। इससे परेशान नागरिक रविवार को इंडिया गेट पहुंचे और “हमें साफ हवा चाहिए” के नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार को अब केवल ‘फॉग टावर’ या अस्थायी उपायों पर निर्भर रहने के बजाय दीर्घकालिक नीतियां बनानी चाहिए, ताकि प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान निकले।
राहुल गांधी ने कहा, “सरकार को अब वायु प्रदूषण पर निर्णायक कदम उठाने चाहिए। यह केवल पर्यावरण का नहीं, बल्कि हर भारतीय के जीवन और स्वास्थ्य का सवाल है।”
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



