हेलमेट उपयोग बढ़ाने रेडक्रॉस की पहल, थोड़ी-सी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती है – कलेक्टर

Tuesday, November 25, 2025 - 21:45
Updated: 11 months ago
0
हेलमेट उपयोग बढ़ाने रेडक्रॉस की पहल, थोड़ी-सी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती है – कलेक्टर

गुना (आरएनआई) भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा मंगलवार को हेलमेट उपयोग बढ़ाने के लिए विचार गोष्ठी और रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सड़क सुरक्षा को लेकर स्पष्ट कहा “जब भी एक्सीडेंट की खबर आती है, दुख होता है। गहराई में जाने पर पता चलता है थोड़ी सावधानी बरती जाती, तो घटना टल सकती थी या नुकसान कम होता।”

कलेक्टर ने बताया जिला प्रशासन 30 नवंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाएगा, जिसमें लोगों को हेलमेट पहनने की समझाइश दी जाएगी और हेलमेट पहनने वालों का सम्मान भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा हेलमेट चुनते समय क्वालिटी से कोई समझौता न करें। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर  ने स्वयं हेलमेट पहनकर सभी को हेलमेट लगाने की सुरक्षा शपथ दिलाई। कलेक्टर ने दो टूक कहा—“टू-व्हीलर पर घर से निकलें, तो हेलमेट लगाना आदत नहीं, जिम्मेदारी बनाएं।”

कार्यक्रम में शिविर से जुड़े प्रतिभागियों और आयोजन से संबंधित स्टाफ को प्रतीकात्मक रूप से हेलमेट वितरित भी किए गए। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे अब बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाएंगे। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर द्वारा हेलमेट पहनने की सड़क सुरक्षा शपथ दिलवाई गई तथा रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए, जिससे उपस्थित लोगों में उत्साह एवं जागरूकता बढ़ी।

कार्यक्रम में डॉ. बुनकर द्वारा हेलमेट के सदुपयोग व सड़क सुरक्षा पर केंद्रित एक प्रभावशाली कविता पढ़कर सुनाई गई, जिसने सभी उपस्थितजनों को जागरूक किया। डॉ. एल. के. शर्मा द्वारा स्वागत भाषण एवं डॉ. रामवीर रघुवंशी द्वारा मंच संचालन किया गया। कार्यक्रम के अंत में आशीष मंगल द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

शिविर के आयोजन में सहा. प्रबंधक डॉ. सूरज सिंह, ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. अशोक एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उक्त अवसर पर चंद्रेश जैन, श्री प्रदीप जैन, संजय राठी,विकास टांटिया एवं रमेश मालवीय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सुरक्षा संदेश: “अपनों के लिए… हेलमेट जरूरी है।”

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User