हाथरस सत्संग हादसा मामला: तत्कालीन एसडीएम की गवाही दर्ज, 676 गवाहों वाले केस में अगली सुनवाई 19 फरवरी को
हाथरस (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के हाथरस में वर्ष 2024 के बहुचर्चित सत्संग हादसे से जुड़े मामले में न्यायिक कार्यवाही आगे बढ़ी है। अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या एक में 12 फरवरी को तत्कालीन एसडीएम रविंद्र कुमार की गवाही दर्ज की गई। न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 19 फरवरी की तिथि निर्धारित की है।
गौरतलब है कि 2 जुलाई 2024 को सूरजपाल उर्फ नारायण साकार हरि द्वारा सिकंदराराऊ तहसील के गांव फुलरई मुगलगढ़ी में आयोजित सत्संग के दौरान अचानक भगदड़ मच गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 121 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि करीब 250 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था।
मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या एक के न्यायालय में हो रही है, जिसकी अध्यक्षता महेंद्र श्रीवास्तव कर रहे हैं। पुलिस की ओर से इस मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ करीब 3200 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया गया है। जांच एजेंसी ने इस केस में कुल 676 गवाह बनाए हैं, जो इसकी व्यापकता और गंभीरता को दर्शाता है।
इस प्रकरण में मुख्य आरोपी देवप्रकाश मधुकर, मेघ सिंह, मुकेश कुमार, मंजू देवी, मंजू यादव, राम लड़ेते, उपेंद्र सिंह, संजू कुमार, रामप्रकाश शाक्य और दलवीर सिंह के खिलाफ मुकदमा चल रहा है। न्यायालय में गवाहों की गवाही के आधार पर अब आगे की कार्यवाही की जाएगी। पीड़ित परिवारों और पूरे समाज की नजरें इस मामले में न्यायिक निर्णय पर टिकी हुई हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)