सूरत के राज टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, 22 फायर टेंडर और 100 दमकलकर्मी तैनात

Dec 10, 2025 - 16:25
 0  189
सूरत के राज टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, 22 फायर टेंडर और 100 दमकलकर्मी तैनात

सूरत (आरएनआई) गुजरात के राज टेक्सटाइल मार्केट में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे पूरे व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घने धुएं और तेज लपटों को देखते हुए फायर विभाग ने 22 फायर टेंडर तत्काल मौके पर भेजे, जबकि 100 से अधिक दमकलकर्मी बचाव और राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।

सुबह 7:14 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मार्केट बिल्डिंग में आग तेजी से फैल रही है। इसके बाद डुंभाल, डिंडोली और मांडरवाजा फायर स्टेशनों से टीमें तुरंत रवाना की गईं। शुरुआती घटनास्थल की तस्वीरों में देखा गया कि पूरा परिसर काले धुएं से घिरा हुआ था, जिसके चलते दमकलकर्मियों को विशेष ब्रिदिंग एपरेटस पहनकर अंदर प्रवेश करना पड़ा।

मार्केट की तीसरी, पांचवीं और टॉप फ्लोर पर आग ने बड़ा रूप ले लिया था। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद तीसरी और पांचवीं मंजिल पर आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, जबकि टॉप फ्लोर के स्टोरेज रूम में अब भी सामान धधक रहा है। दमकलकर्मी लगातार कूलिंग ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं ताकि आग दोबारा न भड़के।

फायर सर्विस के चीफ फायर ऑफिसर बसंत पारिख ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं। राहत की बात यह है कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

भीड़भाड़ वाले इस मार्केट में सुबह के समय आग लगने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन व्यापारी वर्ग में नुकसान को लेकर चिंता बनी हुई है। फायर ब्रिगेड की टीमें पूरी रात भी ऑपरेशन जारी रख सकती हैं, क्योंकि टॉप फ्लोर पर मौजूद कपड़ों के स्टॉक से धुआं और गर्मी लगातार बढ़ रही है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.