सपा विधायक सुधाकर सिंह का लखनऊ में निधन, उपचुनाव में दारा सिंह को हराकर बने थे विधायक
मऊ (आरएनआई) घोसी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार थे। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे डॉ. सुजीत सिंह ने की है। विधायक के निधन से क्षेत्र और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली से लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। गंभीर हालत में उन्हें मंगलवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी रही। गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी उम्र 67 वर्ष थी।
उपचुनाव में दर्ज की थी बड़ी जीत
सुधाकर सिंह हाल ही में घोसी उपचुनाव में अपनी बड़ी जीत को लेकर चर्चा में आए थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से हराकर विधानसभा सीट बरकरार रखी थी।
2022 में भी सपा ने उन्हें टिकट दिया था, लेकिन अंतिम समय में टिकट काटकर भाजपा छोड़कर आए दारा सिंह चौहान को उम्मीदवार बना दिया गया था। इसके बाद 2023 में दारा सिंह के दल बदलने पर उपचुनाव हुआ, जिसमें सुधाकर सिंह ने जोरदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की।
स्थानीय राजनीति में मजबूत पकड़
सुधाकर सिंह घोसी क्षेत्र के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे। जनता के बीच उनकी पकड़ मजबूत थी और वे कई वर्षों से सक्रिय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनके निधन से क्षेत्र में बड़ी राजनीतिक कमी पैदा हुई है।
अखिलेश यादव ने व्यक्त किया शोक
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सुधाकर सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा:
“घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!”
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



